कदौरा। जलालपुर मार्ग पर पांच घंटे जाम की समस्या रही। जाम में फंसे ट्रक व अन्य वाहनों की लंबी कतारे लग गईं।
कच्ची सड़क पर कीचड़ और सड़क पर लोगों के वाहन खड़े होने से यह समस्या गहराई। सैय्यद बाबा मेले में आए लोगों को काफी दिक्कतें हुई। पुलिस ने बीच में जाम खुलवाया, लेकिन ज्यादा देर तक वाहन आगे नहीं बढ़ पाए। देर शाम तक जाम लगने से कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।
कदौरा में सैय्यद बाबा के स्थान पर हर साल मेला लगता है। गुरुवार को भी यह मेला लगा। यहां शहर और आसपास के कई लोग मेला घूमने आए। इस बीच बारिश की वजह से सड़क के किनारे कच्चे रास्ते पर कीचड़ हो गया। मेला घूमरे आए लोग सड़क पर ही चलकर मेला स्तर पर पहुंचे। इस वजह से सड़क पर वाहनों की गति थम गई।
पुलिस को भी जाम खुलवाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब दो बजे से जाम लग गया। जाम लगते ही करीब तीन से चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। दो से तीन घंटे बाद पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया। लेकिन, फिर वही स्थिति दोहरा गई। जलालपुर पुल से चतेला बंबी तक जाम की समस्या रही।
इसमें बालू खदान से आने वाले ट्रक, छोटे वाहन फंसे रहे। अवध पाल, बृजेंद्र सिंह, रामदास ने बताया कि बारिश के कारण मेला गए भक्तों ने भी अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए थे। एसओ कदौरा अजय कुमार सिंह ने बताया कि जाम को खुलवा दिया गया था। बारिश की वजह से कच्ची सड़कों पर कीचड़ हो गया। कुछ लोगों ने सड़क पर वाहन खड़े कर दिए थे, वह हटवाए गए।