कोंच। कोरोना से बचाने के लिए सरकारी स्तर पर वैक्सीनेशन की मुफ्त सुविधा सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर की गई है लेकिन पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि लोग अपेक्षित संख्या में वैक्सीन लेने में दिलचस्पी नहीं ले रहे।
कोरोना जैसी जानलेवा महामारी पूरे देश को बुरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी है और लोगों को अपनी व अपनों की जान बचाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे विपरीत हालातों में सरकार ने लोगों को मुफ्त वैक्सीन देने की घोषणा कर लोगों का आह्वान किया कि अधिकाधिक संख्या में लोग टीका लगवाकर अपना सुरक्षा कवच तैयार करें।
हालांकि जब 60 साल और फिर 45 साल से ऊपर के लोगों को सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में टीका देने का काम शुरू हुआ था तब लोगों ने वैक्सीन लगवाने में अच्छा खासा उत्साह दिखाया था लेकिन इसके बाद लोग टीका लगवाने के प्रति ऐसे उदासीन हो गए। आलम यह है कि नगर और ग्रामीण इलाकों के ज्यादातर वैक्सीनेशन सेंटर बिल्कुल खाली पड़े हैं और लोग उतनी तादाद में टीका लगवाने नहीं पहुंच रहे हैं जितनों की अपेक्षा की जा रही है।
कोंच सीएचसी प्रभारी डॉ आरके शुक्ला ने बताया कि वैक्सीन पूरी तरह कारगर और सुरक्षित है। लोगों को टीका लगवाने में दिलचस्पी दिखाना चाहिए और अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा लेना चाहिए।