जालौन। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को लेकर लोग चिंतित होने लगे हैं एवं स्वयं ही बंदिशें लगाने लगे हैं। मंगलवार को गल्ला मंडी के व्यापारियों ने एक सप्ताह तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करने की घोषणा की थी तो बुधवार को दस्तावेज लेखकों ने भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पांच मई तक काम न करने की घोषणा की है।
दस्तावेज लेखक संघ के प्रतिनिधि आलोक शर्मा ने बताया कि कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसकी जद में उनके साथी भी आ रहे हैं। ऐसे में निर्णय लिया है कि 29 अप्रैल से दस्तावेज लेखन का काम बंद किया जाएगा। यह बंदी आगामी पांच मई तक जारी रहेगी। कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो यह बंदी आगे भी बढ़ाई जा सकती है। दस्तावेज लेखक रामप्रकाश, सुरेंद्र कुमार दोहरे, कृपाल सिंह, जगपाल आदि ने अपने निर्णय की लिखित जानकारी उप निबंधक को दी।
उधर, गल्ला व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष योगेशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए किसानों एवं व्यापारियों को इस संक्रमण से बचाने के लिए मंगलवार को गल्ला मंडी में बैठक की गई थी। निर्णय लिया गया कि कोरोना के प्रभाव को कम करने में सहयोग करते हुए तीन मई तक गल्ला मंडी को बंद रखा जाएगा। इस दौरान मंडी में न तो दुकानें खुलेंगी और न ही किसी भी प्रकार के अनाज की खरीद-फरोख्त की जाएगी। इसके बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान गोविंद सिंह तोमर, महेंद्र राठौर, संजू पाठक, संतोष गुप्ता, सौरभ आदि मौजूद थे।