कोंच। कोविड की बढ़ती विभीषिका के बीच मंगलवार को कोंच और नदीगांव में डेढ़ दर्जन संक्रमित निकलकर आए। कोंच और नदीगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हुई कोरोना जांच में केवल कोंच में 10 जबकि नदीगांव में आठ पॉजिटिव निकले है। दोनों जगह 45 साल से ऊपर वालों का वैक्सीनेशन भी लगातार किया जा रहा है। 83 लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई गई।
कोविड के देशव्यापी संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। कोंच तहसील क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है और हर रोज यहां संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को भी डेढ दर्जन संक्रमितों का बढ़ा आंकड़ा सिर्फ एंटीजन टेस्टिंग में निकलकर सामने आया है। सीएचसी कोंच के प्रभारी डॉ आरके शुक्ला ने बताया कि उनके यहां 80 लोगों की एंटीजन जांच की गई जिसमें 10 लोग पॉजिटिव पाए गए। 67 लोगों की आरटीपीसीआर भेजी गई है जबकि 36 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है। नदीगांव सीएचसी प्रभारी डॉ देवेंद्र भिटौरिया के मुताबिक 46 एंटीजन टेस्ट किए गए जिसमें 8 पॉजिटिव पाए गए हैं, 35 आरटीपीसीआर जांचें की गई हैं जबकि 47 को वैक्सीन दी गई।