संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगढ़। रूदपुरा के आधा सैकड़ा मजदूरों ने एसडीएम सालिकराम को शिकायत देकर बताया कि तीन माह पहले नाला खुदाई, चकबंद सहित 65 दिन कार्य किया गया था। सचिव, पंचायत मित्र ने अभी तक एक रुपया खाते में नहीं भेजे गए। एसडीएम ने बीडीओ संदीप कुमार को जांच सौंप दी है।
ब्लाक क्षेत्र के गांव रूदपुरा निवासी मजदूर देवरतन, टिंकू कुमार, कालीचरन, शंकरलाल, सुनीता देवी, महेंद्र कुमार, सगुनादेवी, राजकुमारी, रिंकी, लाल सिंह, दिलीप कुमार, पूनम, कमल, निर्मला आदि मजदूरों ने एसडीएम को शिकायत देते हुए बताया कि तीन माह पहले मनरेगा के अंतर्गत नहर की पुलिया से रामाधार के खेत तक, पुल से ब्रजेंद्र प्रताप के खेत तक नाला खुदाई की गई। सचिव हेमंत वर्मा, पंचायत मित्र मुकेश की मनमानी के चलते खाते में पैसा नहीं दिया गया है। पैसा खाते में भेजने की बात पर पंचायत मित्र धमकी देते है। मजदूरों के सामने रोजी रोटी की समस्या खडी़ हो गई। मजदूरों ने सचिव व पंचायत मित्र के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द खाते में भुगतान भेजने की मांग की।