जालौन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंढर में प्रसव के बाद दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद परिजनों ने डीएम और एसपी को भी शिकायती पत्र दिया। इसमें दोषियों पर कार्रवाई की बात कही और थाने में भी तहरीर दी। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
उधर, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के मुताबिक दोनों नवजात के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यदि वाकई लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। रेंढर थाना क्षेत्र के गांव कुसमरा निवासी अनिल राठौर की पत्नी किरन (22) ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंढर में रविवार की सुबह 11 बजे पुत्र का जन्म हुआ। आधा घंटे में पुत्र की मौत हो गई।
इसके बाद कुठौंदा निवासी आरती परिहार (32) पत्नी पवन ने 12 बजे पुत्र को जन्म दिया। कुछ देर बाद उनके बेटे की भी मौत हो गई। दो नवजात बच्चों की मौत से पवन कुठौंदा और अनिल कुसमरा के परिजन आ गए। नवजात बच्चों के शव अस्पताल में ही रखकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर थाना पुलिस पहुंची तो परिजनों की पुलिस से भी झड़प हुई।