जालौन को मुहम्मदाबाद के डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐर से मध्यप्रदेश में देवास जा रही बरातियों की कार खंदक में जा गिरी। कार में सवार छह लोगों में दूल्हे के चचेरे भाई समेत चार लोगों की मौत हो गई और दूल्हे के पिता समेत चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इंदौर रेफर किया किया गया है। शनिवार की रात डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐर से मध्यप्रदेश में देवास जा रही बरातियों की कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। कार में ग्राम ऐर निवासी साकिर हुसैन (27), पुष्पेंद्र (15), सुरेश यादव (45), दूल्हे के पिता अमर सिंह (52), दूल्हे के चाचा महेंद्र यादव (40) व उरई के सुशील नगर निवासी चालक मनोज कुमार (35) थे।
हादसा इतना भयानक था कि साकिर हुसैन, पुष्पेंद्र व सुरेश यादव व कार चालक मनोज कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूल्हे के पिता और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।
टौंककला चौकी प्रभारी ने बताया कि तेज रफ्तार कार खंभे से टकराकर पलटी और खंदक में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार लोग दूर जा गिरे थे। घायलों को शाजापुर मध्यप्रदेश के जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो गंभीर घायलों को इंदौर मध्यप्रदेश रेफर कर दिया।