कदौरा। शिकायत मिलने पर एसडीएम कालपी ने सोमवार को भेड़ी खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान खदान में कई गड़बड़ियां मिलीं। एसडीएम ने खदान संचालक की फटकार लगाते हुए जल्द ही रिपोर्ट डीएम प्रियंका निरंजन को सौंपने की बात कही।
क्षेत्र के भेड़ी खुर्द निवासी किसानों ने कुछ दिन पूर्व डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया था कि खदान संचालकों ने नदी के किनारे जेसीबी व पोकलैंड मशीनों से मौरंग उठाई है। मौरंग उठान से 50 से 60 फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने जांच के निर्देश दिए थे।
सोमवार को एसडीएम कालपी कौशल कुमार ने खनन व राजस्व टीम के साथ भेड़ी खदान की खंड संख्या 2 व 3 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खोदे गए गड्डों को देख कर नाराजगी जताई। इस पर खदान संचालकों को हिदायत दी कि नियम विरुद्ध कार्य करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। संचालकों ने नदी में कई फीट गहरे गड्ढे कर दिए हैं। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह के अलावा खनन व राजस्व टीम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।