नगर पालिका के विभिन्न निर्माण कार्यों में धांधली की सभासदों द्वारा की गई शिकायत पर लखनऊ से आई तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को जांच की। जांच टीम ने शिकायत के सभी दस बिंदुओं को जांचा परखा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों कोंच नगर पालिका के कुछ सभासदों ने पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठियापर विभिन्न विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया। साथ ही इन कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए। इन सभासदों ने चेयरपर्सन पर सत्ताधारी दल के नेताओं से मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
सभासदों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी जिसपर मंगलवार को लखनऊ से तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए काेंच पहुंच गई। टीम में विशेष सचिव नगर विकास डॉ. अनिलकुमार सिंह, डिप्टी डायरेक्टर रीनासिंह व सीएनडीएस नोयडा के महाप्रबंधक एचके कंसल शामिल थे।
इस दौरान सागर चौकी में इंटरलॉकिंग का निर्माण, धनुताल पर लेका द्वार किया गया निर्माण, वाल्मीकि मंदिर के पास स्थित पार्क का निर्माण, रेलवे रोड, मारकंडेश्वर तिराहे पर सीसी निर्माण, सिंहवाहिनी मंदिर व श्मशान घाट की ओर जाने वाली सीसी सड़क, पालिका के सामने पार्क व सर्कुलर रोड निर्माण की गुणवत्ता भी परखी।
इस दौरान टीम सदस्यों ने बताया कि शिकायतों के संदर्भ में जांच की गई है। रिपोर्ट शीघ्र ही शासन को भेज दी जाएगी।