जालौन। कोतवाली क्षेत्र में किसान के साथ बीती शुक्रवार को हुई 1 लाख 43 हजार रुपए की लूट के मामले में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। किसान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बैंक व रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनकी मदद से ही पुलिस लुटेरों पहचानने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुरा निवासी किसान राघवेंद्र सिंह शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा से 1 लाख 43 हजार रुपये निकालकर दोपहर लगभग 3 बजे बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। तभी सुढ़ार गांव के पास बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए दो बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का दे दिया। वह बाइक समेत सड़क पर गिर गएतो दोनों बदमाश रुपयों से भरा उनका झोला लेकर वहां से भाग निकले।
इसकी सूचना पीड़ित किसान ने कोतवाली पुलिस को दी थी। पीड़ित की सूचना पर कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र सहित, सीओ माधौगढ़ व स्वॉट टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया था। इसके बाद पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस पर कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि सूचना पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुुलिस हर पहलू से जांच कर रही है जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।