उरई। झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी शनिवार को निरस्त रही। जबकि ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल का मार्ग परिवर्तित होने के कारण यह ट्रेन शनिवार को नहीं आई। इसके चलते यात्रियों को परेशानी हुई।
वहीं, रेल प्रशासन ने सिकंदराबाद मंडल में ट्रैक मरम्मत के काम के चलते गोरखपुर से कोच्चिवैली जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस 12511-12 को 26 दिसंबर से 8 जनवरी तक निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसी तरह बरौनी से एनाकुर्लम जाने वाली ट्रेन नंबर 12521-22 को 23 दिसंबर से 10 जनवरी तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा बाराबंकी, अयोध्या, जाफराबाद के बीच ट्रैक मरम्मत के काम के कारण कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित होने के कारण उरई से गुजरने वाली ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं।
इंदौर से पटना जाने वाली ट्रेन नंबर 19321, गोरखपुर से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 15023-24, छपरा से मुंबई जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 15101-02 को सात जनवरी तक दूसरे मार्ग से गुजारने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, गोरखपुर के रास्ते छपरा जाएगी। राप्तीसागर एक्सप्रेस के निरस्तीकरण के कारण पहले से रिजर्वेशन कराने वाले यात्री परेशान हो रहे है।
रामनगर निवासी रामजीवन ने बताया कि उन्हें पत्नी के साथ नेवी में ऑफिसर बेटे से मिलने एर्नाकुलम जाना है। उनका पांच जनवरी का सेकेंड एसी में बरौनी से एर्नाकुलम में रिजर्वेशन था। उनके पास ट्रेन के निरस्तीकरण का मैसेज आया। स्टेशन पर जाने पर ट्रेन निरस्त होने की पुष्टि हुई।
बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले रिजर्वेशन कराया था। अब पांच जनवरी का झांसी से भी दूसरा रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। खोजबीन करने पर आगरा से रिजर्वेशन सात जनवरी का मिल रहा है। ऐसे में परेशानी हो रही है कि कैसे पहुंचेंगे। रेलवे के इस तरह से निर्णय से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि काम के चलते ट्रेनें प्रभावित हो रही है। काम पूरा होने के बाद यथावत ट्रेनों का संचालन होगा।