इलाहाबाद से उज्जैन कुंभ में जा रहे राज्यमंत्री व बेसिक शिक्षा परिषद के सलाहकार श्रीप्रकाश राय उर्फ लल्लन राय ने यहां बताया कि शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए आनलाइन आवेदन जून से लिए जाएंगे। इसके अलावा सूखा को देखते हुए गर्मियों की छुट्टियों में भी स्कूल में बच्चों को मिडडे मील परोसा जाएगा। इसके साथ ही अब शिक्षकों की भी
आनलाइन हाजिरी पर अधिक फोकस किया जाएगा। गौरतलब है कि बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण में लगभग चार साल से रोक लगी है। इस वजह से हजारों शिक्षक अपने गृह जनपद में तैनाती नहीं ले पा रहे हैं। शनिवार को इलाहाबाद से उज्जैन जा रहे राज्यमंत्री श्रीप्रकाश राय उर्फ लल्लन राय ने अमर उजाला से खास बातचीत में
स्पष्ट किया कि अब शिक्षकों को स्थानांतरण के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पडे़गा। जून में आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा इस मर्तबा सूखे को देखते हुए परिषदीय विद्यालयोें में पढ़ने वाले बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों में मिडडे मील परोसा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी। कहा कि अभी कुछ
जनपदों में बायोमीट्रिक मशीन से तो अधिकतर जनपदों में मोबाइल से मैसेज के माध्यम से भी शिक्षकों की उपस्थिति लगाई जा रही है। अब जुलाई से शिक्षकों की आनलाइन उपस्थिति पर भी फोकस किया जाएगा।
इस दौरान राज्यमंत्री बीज निगम इंदु प्रकाश मिश्रा, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनिल कुमार, पीआरओ राहुल नगरिया, उमेश मिश्रा, बीएसए राजेश कुमार वर्मा, बीईओ महेश शर्मा, सर्वेश कुमार, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेद्र राजपूत, महेंद्र भाटिया, युद्धवीर कंथरिया, ब्रजेश श्रीवास्तव, संजय दुबे, सोम त्रिपाठी, उग्रसेन राजपूत, जितेद्र व राजेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।