उरई/ माधौगढ़। छह वर्षीय मासूम को स्कूल के पास सड़क पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ी।
राहगीरों ने मासूम को सड़क पर पड़ा देख पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी चंद्र किशोर की छह वर्षीय बेटी जानवी बुधवार को विद्यालय गई थी।
इस दौरान उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गई। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि जानवी गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी।
वह बुधवार सुबह स्कूल गई थी और दोपहर में उसकी मौत होने की जानकारी मिली।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बेटी की मौत से मां पूजा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है।