हसेरन। बच्चों के साथ खेल रही मासूम की रजबाह में डूबकर मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने अधिकारियों को सूचना पाकर रजबहा के पानी को बंद कराया।
सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ चौकी क्षेत्र के ग्राम नगला पिम्मी निवासी छोटेलाल की पांच वर्ष की पुत्री सौम्या गांव के किनारे से निकले रजबहा के पास बच्चों के साथ खेल रही थी। अचानक वह रजबहा में गिर गई। साथ में खेल रहे बच्चों ने सौम्या के परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और बच्ची को बाहर निकालकर निजी चिकित्सक के यहां ले गए।
वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से मां राखी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि मृतका सौम्या तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले ही रजबहा में पानी छोड़ा गया था। हादसे की सूचना पाकर क्षेत्रीय लेखपाल सुधांशु मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों को सूचना देकर रजबहा के पानी को बंद कराया।