कुठौंद। मां के डांटने से नाराज पंजाबी मासूम बच्चा घर से भागकर कुठौंद आ गया।
अकेला पाकर लोगों ने जब उससे पूछताछ की तो मासूम रोने लगा। जिस पर लोगों ने उसे थाने पहुंचाया। मासूम ने अपना पता अमृतसर बताया है। पुलिस उसके बताए गए पते पर संपर्क कर परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर में आठ वर्षीय पंजाबी मासूम शुक्रवार को बस से उतरा। जिस पर लोगों ने पगड़ी बांधे देखा व अकेले होने पर उससे पूछताछ की तो वह रोने लगा। जिस पर गांव के पूर्व प्रधान सचिन पाठक ने उसको खाना खिलाकर थाना ले जाकर पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने मासूम से जब उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम अजीत सिंह पिता का नाम किरण सिंह पंजाब के स्वर्ण मंदिर जलियावाला बाग अमृतसर निवासी बताया। वहीं, स्कूल का नाम गुरु हरगोविंद सिंह पब्लिक स्कूल व टीचर का नाम नवनीत कौर बताया। उसने बताया कि वह दो भाई है। बताया कि मां के डांटने की वजह से वह घर से भाग आया और ट्रेन में बैठ गया था।
इसके बाद बस में बैठकर हरसिंगपुर गांव में उतर गया था। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार का कहना है कि परिजनों की जानकारी की जा रही है। जल्द ही पता लगाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।