मुहम्मदाबाद (जालौन)। उरई-मुहाना स्टेट हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन दूसरे ही दिन ठीक भी कर दी गई। शुक्रवार सुबह ही जलसंस्थान की टीम मौके पर पहुंची और लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। शाम तक लाइन पूरी तरह से ठीक कराकर पानी की सप्लाई भी चालू कर दी गई।
बता दें कि गुरुवार सुबह हाईवे निर्माण कार्य के वक्त मुहम्मदाबाद गांव के निकट स्थित तालाब के पास जेसीबी की टक्कर से गांवों को जाने वाली पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिससे मुहम्मदाबाद, ऐरी, रामपुरा गांवों को जाने वाले पानी की आपूर्ति बाधित हो गई थी। इस पर ग्रामीणों ने नारेबाजी कर हंगामा किया था। खबर को 20 दिसंबर के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद ही ही हरकत में आए जल संस्थान के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह से ही लाइन की मरम्मत का काम शुरू करा दिया और शाम होते होते लाइन पूरी तरह से ठीक होकर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई भी चालू कर दी गई। जल संस्थान के एक्सईएन मनोज कुमार का कहना है कि हाईवे निर्माण में लगे कर्मचारियों को पूरी लाइन के बारे जानकारी दे दी गई है, ताकि फिर लाइन क्षतिग्रस्त न हो। कहा कि फिलहाल लाइन में किसी तरह का लीकेज नहीं रह गया है। उधर, पेयजल आपूर्ति चालू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
क्षतिग्रस्त लाइन जोड़ते जल संस्थान कर्मी।- फोटो : ORAI