कोंच। शनिवार रात अचानक लगी आग से दो घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। घर में रखे रुपये, अनाज और बेटी के जेवर भी जल गए। एक गृहस्वामी और उसके मवेशी भी आग में झुलस गए हैं। आग नदीगांव ब्लाक के कनासी गांव में लगी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
विकास खंड नदीगांव अंतर्गत कनासी गांव में शनिवार की रात अज्ञात कारणों के चलते गांव के श्यामसुंदर और हेमंत कुमार के घरों में आग लग गई। घर गृहस्थी का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। श्यामसुंदर के मुताबिक, आवास की किस्त का पैसा आया था, बैंक से सत्तर हजार रुपये निकाले थे, वह भी जल गए हैं। इसके अलावा बेटी के नकद बीस हजार रुपये और जेवर भी आग में जल गए हैं।
घर में रखा दो-दो क्विंटल गेहूं व सरसों और एक क्विंटल मटर भी जल गईं। श्यामसुंदर के पड़ोसी हेमंत का घर भी जब आग की चपेट में आ गया तो वह मवेशी बाड़े में बंधी गाय खोलने चला गया। आग इतनी जबर्दस्त थी कि हेमंत और उसकी गाय लपटों में घिर कर बुरी तरह झुलस गई। हेमंत ने बताया कि करीब 20 हजार रुपये की कीमत का भूसा जल गया। जब आग लगी तो गांव में चीख पुकार मच गई। लोग बदहवास हालत में इधर-उधर भागते देखे गए। सबमर्सिबल के सहारे मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। ग्रामीण यदि मशक्कत न करते तो दूसरे घर भी आग की चपेट में आ जाते। सूचना पर यूपी 112 पुलिस पहुंची पर थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।