जालौन। कोरोना के खिलाफ जंग मे कोरोना वैक्सीन अहम भूमिका निभा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन लगवाई जाए। पर कुछ अफवाहें भी फैली हैं। जिसके चलते लोग वैक्सीन लगवाने से घबरा रहे हैं। मुस्लिम समाज के लोग भी वैक्सीन को लेकर चिंतित नजर आ रहे थे।
नगर के तकिया मैदान में गुरुवार को एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। जिसमें एडीएम वैक्सीन को लेकर उनकी शंकाओं को खत्म किया। कहा कि वैक्सीन लगवाना जरूरी है। वैक्सीनेशन से मृत्यु दर में भी गिरावट आई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि वैक्सीन लगवाने से कोरोना के खतरे को टाला जा सकता है। इसके बाद मुस्लिम धर्मगुरुओं में शहर काजी मौलाना साबिर, शहर काजी व जमीयत उलेमा हिंद के सदर मौलाना सुल्तान, जाबिर आदि समेत 10 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। वैक्सीन लगवाने के बाद मौलाना साबिर व मौलाना सुल्तान ने मुस्लिम समाज के लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की।
उधर, नगर पालिका की ओर से डॉ. सहन बिहारी गुप्ता के नेतृत्व में झंडा चौराहे पर वैक्सीनेशन कैंप में 30 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिसमें नगर पालिका ईओ डीडी सिंह, एलआई चंदन सिंह यादव, एसआई देवेंद्र कुमार, सफाई नायक कन्हैया ने सहयोग किया। सिकरी राजा गांव में डॉ. आरके राजपूत के नेतृत्व में 40 ग्रामीणों को वैक्सीन लगाई गई। आयुर्वेदिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. अमर सिंह द्वारा कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर पर आयुर्वेदिक काढ़ा व इम्युनिटी वर्धक दवाओं का निशुल्क वितरण किया गया।
---------------
वैक्सीन को लेकर जागरूक हो रहे ग्रामीण
माधौगढ़। ब्लाक क्षेत्र के गांवों में चलाए जा रहे अभियान में ग्रामीण वैक्सीनेशन को लेकर आगे आ रहे हैं। डाक्टर रामेंद्र पचौरी के नेतृत्व में वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। वही तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति ने अकबरपुरा, रुदपुरा में बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों को प्रेरित कर वैक्सीन लगवाई गई। अकबरपुरा में 113 लोगों की सैंपलिंग व 69 लोगों को वैक्सीनेशन, रूदपुरा में 121 लोगों की सैंपलिंग व 71 लोगों को वैक्सीनेशन, मींगनी में 96 लोगों की सैंपलिंग व 79 लोगों को वैक्सीनेशन, महाराजपुरा में 103 लोगों की सैंपलिंग व 94 लोगों को वैक्सीनेशन की डोज दी गई। इस दौरान देवेंद्र सिंह, संदीप दिवाकर, विनोद, राजेश आदि रहे। (संवाद)
-----------
सभासदों ने टीकाकरण अभियान से पल्ला झाड़ा
कोंच। पालिका सभागार में गुरुवार को बुलाई गई निगरानी समिति की बैठक में अधिकांश सभासद नहीं पहुंचे। जो पहुंचे भी तो बोलें कौन कहने से जा रहा है टीका लगवाने। कोंच जैसी एक लाख की आबादी वाली बस्ती में सिर्फ 10 लोगों के टीका लगा है। निश्चित रूप से उन लोगों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता जो सोशल साइट्स पर अपनी गौरव गाथा गाते नहीं थकते हैं। इससे अच्छी स्थिति तो देहात क्षेत्र की जहां जागरूक लोग और निगरानी समितियां सक्रिय होकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अकेले नदीगांव सीएचसी ने ही 170 ग्रामीणों का टीकाकरण किया है। कोंच में 123 और नदीगांव में 140 एंटीजन टेस्ट में सभी नेगेटिव पाए गए, नदीगांव में 96 लोगों की आरटीपीसीआर भेजी गई है। (संवाद)
----
टीम ने किया टीकाकरण
रामपुरा। ब्लाक के टीहर, पचोखरा, जमरेही सानी, लिडऊपुर, मल्हानपुरा आदि ग्राम पंचायतों में सीएचसी की टीम ने ग्रामीणों का टीकाकरण किया। इस मौके पर बीडीओ ओमप्रकाश, डॉ अरुण जादौन, प्रदीप गौरव, पप्पू प्रधान, सचिव जगदंबा प्रसाद आदि ने सहयोग किया।(संवाद)