जालौन। गेस्ट हाउस संचालक गेस्ट हाउसों में लगे सीसीटीवी को हमेशा चालू रखें। गेस्ट हाउस में हर्ष फायरिंग एवं निर्धारित समय के बाद डीजे आदि भी न बजने दें। यदि शिकायत मिलती है तो कार्रवाई तय। यह निर्देश कोतवाल सुनील सिंह ने गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
बताते चलें कि शुक्रवार की रात नगर के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के बाद विदाई के समय तीन अज्ञात युवकों ने गेस्ट हाउस में घुसकर व्यवहार के 80 हजार रुपये नगद समेत कुछ अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने जब विवाह घर में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो उनमें कोई भी कैमरा चालू हालत में नहीं मिला। लगभग यही हाल नगर के सभी गेस्ट हाउसों का है। कोतवाल सुनील सिंह ने नगर में संचालित सभी गेस्ट हाउस के संचालकों को नोटिस जारी किया है। सीसीटीवी को हमेशा चालू हालत में रखें। यदि कोई कैमरा गड़बड़ हो तो तुरंत उसे ठीक कराएं। यदि चेकिंग के दौरान कैमरे खराब मिलते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
---
फोटो-15-सुढ़ार सालाबाद की गोशाला का निरीक्षण करती एसडीएम। संवाद
गोशालाओं में एसडीएम को नहीं मिले मवेशी
एसडीएम ने गोशालाओं की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
जालौन। गोशालाओं में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने एवं अन्ना जानवरों को गोशालाओं में रखे जाने के लिए एसडीएम ने ब्लॉक क्षेत्र की 4 गोशालाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किसी भी गोशाला में पशु नहीं मिले।
बारिश शुरू हो चुकी है। जल्द ही खेतों में खरीफ की फसल की बुआई भी शुरू हो जाएगी। वर्तमान में गोशालाएं खाली हैं। अन्ना पशु खुले घूम रहे हैं। यदि खरीफ की फसल की बुवाई शुरू होने तक इन अन्ना पशुओं को गोशालाओं में बंद नहीं किया गया तो अन्ना जानवर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके लिए एसडीएम मीनू राणा अभी से सक्रिय हो गई है। शनिवार को उन्होंने ग्राम सुढ़ार, सालाबाद, छिरिया सलेमपुर एवं पमां गांव की गौशालाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसी गोशाला में जानवर नहीं मिले। उन्होंने ग्राम प्रधान व सचिव को निर्देश दिए कि फसल की बुआई से पूर्व ही गोशाला में रहने वाले जानवरों के रहने के लिए टिन शेड या छाया की व्यवस्था के साथ उनके खाने के लिए भूसा का पर्याप्त स्टाक कर लिया जाए। यदि पानी की उचित व्यवस्था न हो तो वह भी कर लें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गोशालाओं में बरसात में साफ- सफाई रखने एवं जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।