शहर कोतवाली के मुहल्ला नया पटेलनगर में बुधवार की रात चोराें ने एक सूने घर का ताला तोड़कर वहां रखे करीब 20 हजार रुपये नकद व करीब एक लाख रुपये के गहने व कीमती बर्तन सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया। सुबह जब लोगाें ने घर के ताले टूटे देखे तो परिजनाें को सूचना दी। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली के मुहल्ला पटेलनगर निवासी मुख्तार अहमद ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार की सुबह परिवार समेत रिश्तेदारी में गया था। देर रात चोराें ने घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गृहस्थी के कमरे का भी ताला तोड़कर उसमें रखे 20 हजार रुपये नकद, करीब एक लाख रुपये के सोने चांदी के गहने व बेटी की शादी के लिए रखे बर्तन आदि चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्याें का संकलन कर कार्रवाई की बात कही है। मुख्तार व उसके परिजनों को अब बेटी की शादी की चिंता सता रही है जो अगले माह होनी है।