फोटो - 08 गणेश द्विवेदी के आवास पर बोलते डॉ. प्रवीण तोगड़िया। स्वयं
उरई। शहर के मोहल्ला पटेल नगर स्थित प्रांत संयुक्त महामंत्री गणेश द्विवेदी के आवास पर बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया का आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर स्थानीय लोगों, संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. तोगड़िया ने हिंदू समाज की एकता, जागरूकता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के सामने अनेक चुनौतियां हैं, जिनका सामना केवल संगठित होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब समाज के लोग एकजुट होकर अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हैं, तभी वह अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने में सफल होते हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया। कहा कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ते हैं तो समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
डॉ. तोगड़िया ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए सभी वर्गों को मिलजुल कर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का विभाजन समाज को कमजोर करता है, जबकि एकता उसे सशक्त बनाती है। इस दौरान राकेश पाल, रामजी दीक्षित, मानवेंद्र सिंह, जितेंद्र बनाफर आदि मौजूद रहे।