उरई। पडूली गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। उसका मोबाइल वहीं गिर गया। पहुंची पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पडूली गांव निवासी मुन्ना शाह (70) रविवार की सुबह बाजार जाने के लिए निकला। सड़क पर आने के बाद वह ई-रिक्शे पर सवार हो गया। जैसे ही ई-रिक्शा शहर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस लाइन के पास पहुंचा कि तेज रफ्तार होने की वजह से चालक अपना संतुलन खो बैठा और रिक्शा पलट गया।
उसमें सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पुत्र चांद बाबू ने पिता का शव पड़ा देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने बताया कि पिता कुछ देर पहले ही घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल अंजन सिंह ने बताया कि ई रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।