उरई। जून की शुरुआत में मौसम में आए बदलाव के बाद लोगों को कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण सूरज की तपिश लगातार बढ़ती रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर पर कपड़ा और छाता लेकर निकलते नजर आए। ठंडे पेय पदार्थों, जूस और शीतल जल केंद्रों पर लोगों की भीड़ लगी रही।
गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, फुटपाथ दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों पर दिखाई दिया। दोपहर के समय अधिकांश बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम रही और कई स्थानों पर सड़कें लगभग खाली दिखाई दीं। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ विस्टर जोशी ने बताया कि वर्तमान समय में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद तापमान में फिर वृद्धि दर्ज की जा रही है। अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस भी बनी रहेगी, जिससे गर्मी का एहसास वास्तविक तापमान से अधिक होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी बड़े बारिश तंत्र के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं, हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मानसून की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अगले सप्ताह मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान
वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. अवनीश बनौधा ने सलाह दी कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप में निकलते समय सिर को ढकें, हल्के सूती कपड़े पहनें और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।