उरई। बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग सतर्कता बरत रहा है। टीमें बनाकर पोल्ट्री फार्म और मांस बिक्री केंद्रों का भ्रमण कर जांच की जा रही है। पोल्ट्री फार्म संचालकों को हिदायत दी गई है कि मुर्गियों में किसी तरह की बीमारी फैलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में बर्ड फ्लू को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। जिले में दो पोल्ट्री फार्म है, जिसमें एक में करीब 70 हजार मुर्गी है तो दूसरे में दस हजार मुर्गी है। वहीं छोटे बड़े मिलाकर तीस मुर्गी विक्रय केंद्र पंजीकृत है। बर्डफ्लू की रोकथाम के लिए ब्लाकवार टीम बना दी गई है। एक टीम में तीन सदस्य शामिल है, जो क्षेत्र का भ्रमण कर बर्ड फ्लू को लेकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। विभाग बर्ड फ्लू को लेकर संजीदा है और रोजाना की अपडेट शासन को भेजी जा रही है।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ नीरज कुमार को सचल दल का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनका मोबाइल नंबर 9956817388 है। पशुधन प्रसार अधिकारी श्यामसुंदर कुशवाहा का मोबाइल नंबर 9839145104 है। यह नंबर सार्वजनिक रुप से जारी कर दिए गए हैं और लोगों से कहा गया है कि रोग फैलने की सूचना इन नंबरों पर दें।
सीएमओ कार्यालय में तैनात महामारी विशेषज्ञ महेंद्र कुमार का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की भी तैयारियां पूरी है। किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी है। जिला अस्पताल में एक वार्ड आरक्षित कर दिया गया है। कंट्रोल रूम को भी सक्रिय कर दिया गया है। रैपिड रेस्पांस टीम (आरआरटी) भी गठित कर दी गई है।