कोंच। उपचुनाव में ग्रामीणों ने फिर उन्हीं परिवारों पर भरोसा जताते हुए उनकी विरासत को आगे बढा दिया है। कूंड़ा में दिवंगत प्रधान मैदा देवी की पुत्रवधु मीनू ने जीत हासिल की है, जबकि कुदइया में बीडीसी पद पर दिवंगत बीडीसी सुरेश कुशवाहा के बेटे रामशरण ने जीत दर्ज की है।
पंचायत उपचुनाव में 12 जून को मतदान हुए थे। सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना पूरी कर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र सौंपे गए। कोंच विकास खंड की ग्राम पंचायत कूंड़ा में प्रधान पद की प्रत्याशी मीनू देवी ने प्रतिद्वंद्वी पुष्पा देवी को 196 मतों से शिकस्त दी। यहां कुल पड़े 1204 वोटों में मीनू को 692 और पुष्पा को 496 मत मिले। 15 मत अवैध घोषित किए गए।
एएसपी राकेश कुमार सिंह ने मतगणना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। नायब तहसीलदार संजय, बीडीओ अंगद यादव व कोंच व एट पुलिस मौजूद रही। नदीगांव विकास खंड की ग्राम पंचायत कुदइया क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के मतों की गिनती विकास खंड कार्यालय नदीगांव में हुई।
त्रिकोणीय मुकाबले में यहां 1056 वोटों में रामशरण को 670, गोविंददास को 382 व राधाशरण को मात्र 10 वोट मिले। 14 मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना स्थल पर एसडीएम अशोक कुमार के नेतृत्व में एसएचओ नदीगांव रूपकृष्ण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
कदौरा। कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक परिसर में पंचायत उपचुनाव की मतगणना हुई। आरओ और बीडीओ ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिए।
कोरम के अभाव में 40 ग्राम पंचायतों के प्रधान शपथ नहीं ले पाए। उपचुनाव में सात ग्राम पंचायतों के 24 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। सोमवार को ग्राम पंचायत सदस्यों की मतगणना खंड विकास कार्यालय में की गई। पंचायत उपचुनाव में ग्राम अकबरपुर, कुरैहना, आलमगीर, पंडौरा, कठपुरवा, गढा व मटरा के 24 वार्ड सदस्यों का चुनाव 12 जून को हुआ था। इसकी मतगणना सोमवार को बीडीओ की देखरेख में हुई थी।
नवनिर्वाचित ग्राम सदस्यों को बीडीओ अतिरंजन सिंह व आरओ आरपी चतुर्वेदी ने प्रमाणपत्र सौंपा। बीडीओ ने बताया कि कोरम अब पूरा हो गया है। शासन का आदेश आते ही प्रधानों की शपथ दिलाई जाएगी। डकोर ब्लाक में ग्राम सदस्य के पांच पदों की मतगणना ब्लाक परिसर में हुई। एडीओ पंचायत बलबीर सिंह ने बताया कि इसमें ग्राम पंचायत जगतपुरा बुजुर्ग से वार्ड नंबर दो से लक्ष्मी देवी, वार्ड नंबर पंाच से रामलखन तिवारी, वार्ड नंबर 9 लक्ष्मी देवी पत्नी अजय कुमार, वार्ड 10 से मुकेश कुमार, 11 से हरीमोहन आदि विजय रहे। सभी को आरओ ने प्रमाण दिए।
जेठी बनीं कुरौती की प्रधान
ब्लाक परिसर पर प्रधान, दस ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना आरओ आशीष कटियार की देखरेख में हुई। मतगणना डेढ़ घंटे देरी से हुई। मतगणना में पांच टेबिल लगाई गई। भीषण गर्मी में प्रत्याशी के एजेंट एक-एक वोट की गिनती के लिए डटे रहे। कुरौती में प्रधान पद के लिए जेठी को 644 वोट और विनीता 552 वोट मिले। 18 मत अवैध रहे।
जेठी 92 वोट से विजयी घोषित की गईं। ग्राम पंचायत धमना में वार्ड नंबर आठ से सरमन याज्ञिक को 26, सुरेश कुशवाहा को 22 वोट मिले। सरमन चार वोट से चुनाव जीते। ग्राम पंचायत मिर्जापुर के वार्ड नंबर दस से ओमकार 47, दौलत सिंह को 34 वोट मिले।
ग्राम पंचायत सुरपतिपुरा से वार्ड नंबर दो से अन्नपूर्णा 40, रत्ना को 24 वोट मिले। वार्ड नंबर तीन से माया को 33, उर्मिला को 20 वोट मिले। वार्ड नंबर सात से पूजा को 34 वोट, ममता देवी को 27 वोट मिले। बुढनपुरा के वार्ड नं आठ से सुरेंद्र सिंह को 43, राजू को 29 वोट मिले। वार्ड नंबर 9 से प्रदीप 63, बुद्धसिंह को 9 वोट मिले। वार्ड नंबर दस से शिववीर को 70, सीमा को 15 वोट मिले। वार्ड नंबर 11 से पिंकी 33, राममूर्ति 28 वोट मिले। आरओ ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।