स्कूली बच्चों को मैजिक में बैठाते समय पीछे से आ रही एक आल्टो कार चालक ने मैजिक में टक्कर मार दी। इससे मैजिक सवार आठ स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे तो कार सवारों ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो कार सवार मौके से भाग निकले।
पुलिस ने घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने कार सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली के कालपी रोड स्थित राष्ट्रीय इंटर कालेज का मैजिक चालक बुधवार सुबह मैजिक लेकर पास के ही गांव रगौली मोड़ से बच्चे लेने गया था। सुबह सात बजे वह मैजिक पर बच्चे गाड़ी में बैठा रहा था। तभी पीछे से आ रहे आल्टो कार चालक ने लापरवाही से कार चलाकर मैजिक में टक्कर मार दी।
फलस्वरूप मैजिक में बैठे बच्चों में चीख पुकार मच गई। कार की टक्कर लगने के बाद मैजिक में सवार आठ बच्चे अजय (11) पुत्र रंजीत, तनु (14) पुत्री गजेंद्र सिंह, रानी (13) पुत्री लालता प्रसाद, सचिन (12) पुत्र सरमन , विद्या देवी(17) पुत्री हर प्रसाद, सरला (11) पुत्री अशोक कुमार, रवि (14) पुत्र राज, रजब (12) पुत्र शुब्बी घायल हो गए।
हादसे की सूचना पाकर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामसिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे। प्रधानाचार्य ने कार चालक का विरोध किया तो कार चालक ने अपने साथियों के साथ प्रधानाचार्य से मारपीट कर दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। परंतु पुलिस के आने से पहले ही आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घायलों बच्चों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे की जानकारी परिजनों को हुई तो वह तत्काल अस्पताल पहुंचे और अपने नौनिहालों का हालचाल लेकर राहत की सांस ली। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात कार सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है, उनको गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
शराब पिए थे कार सवार युवक - उरई। पंचायत चुनाव में इन दिनों शराब बांटी जा रही है। इसकी वजह से ही यह हादसा हुआ है। कार सवार तीनों युवक शराब पिए थे। जब वहां पहुंचे प्रधानाचार्य राम सिंह ने विरोध किया तो उनसे हाथापाई कर दी।