सरावन। गोहन थाना क्षेत्र के ऊमरी रोड पर शाम के वक्त बाइक से गिरी महिला को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हार्वेस्टर चालक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे की सूचना परिजनों को भी कर दी गई है।
ग्राम जाजेपुरा निवासी महिला संतोषी (45) पत्नी विमल दुबे अपने रिश्तेदार सुशील के साथ शुक्रवार को बाइक से आंखों का इलाज कराने अस्पताल गई थी। लौटते वक्त सुशील की बाइक ऊमरी रोड पर पहुंची तो तेज उसने आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। रफ्तार तेज होने से पीछे बैठी संतोषी अनियंत्रित होकर बाइक से गिर पड़ी।
इससे पहले कि संतोषी संभल पाती पीछे से आ रहे हार्वेस्टर ने उसे कुचल दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने दौड़कर हार्वेस्टर को रोका और फिर चालक की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। उधर हादसे की खबर संतोषी के घर पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया। परिजन भी रोते बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों से तहरीर लेकर हार्वेस्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।