हादसे के बाद एट हाईवे पर खड़ा क्षतिग्रस्त ट्रक।
- फोटो : ORAI
एट(जालौन)। हाईवे पर आगे जा रहे वाहन में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई। इससे ट्रक की केबिन क्षतिग्रस्त हो गई। चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से दो घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। आगे वाले वाहन का पता नहीं चल सका।
एट थाना क्षेत्र में कानपुर झांसी हाईवे पर एट बिजली घर के पास गुरुवार सुबह करीब तीन बजे उरई से झांसी की ओर जा रहे वाहन में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई। इससे ट्रक की केबिन पूरी तरह ध्वस्त हो गई। चालक व क्लीनर अंदर फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक नितेंद्र कुमार पुत्र मुलायम सिंह और क्लीनर पर्वत सिंह पुत्र राजकुमार निवासी पृथ्वीपुर जिला टीकमगढ़ मध्य प्रदेश को केबिन से निकाले के लिए काफी प्रयास किए। यह सफल नहीं हुए।
पुलिस ने हाईवे की जेसीबी मशीन मंगाकर करीब दो घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद चालक और क्लीनर को घायल अवस्था में हाईवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के चलते दोनों को झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार का कहना है कि आगे वाले वाहन का पता नहीं चल सका। जांच की जा रही है।