कार्रवाई कर लौटते खाद्य विभाग टीम के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सुगंधित सुपाड़ी के नाम पर जनपद में बड़े स्तर पर गुटखा का काला कारोबार फलफूल रहा है। बुधवार की शाम और गुरुवार को चले छापामार अभियान में अभिहित अधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम ने राज गुटखा फैक्ट्री में बड़ी संख्या में पैकिंग पाउच के अलावा खुला मटेरियल मिला। इस पर फैक्ट्री सील कर दी गई। इसके अलावा चार अन्य स्थानों पर
छापा मारा जहां पर गुटखा सामग्री का नमूना लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से गुटखा माफिया पूरे दिन सकते में रहे। गुटखा माफिया संरक्षण दाताओं को फोन लगाते भी देखे गए।
अभिहित अधिकारी डा. प्रियंका सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट एके मिश्रा के नेतृत्व में छापामार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बुधवार की शाम को शहर के मोहल्ला तुलसी नगर में एक
मकान में राज नाम से गुटखा बनाए जाने की खबर पर छापा मारा गया। यहां बाहर से ताला लगा हुआ था। ताला देखकर अधिकारी लौटने ही वाले थे कि उन्हें अंदर कुछ लोगों के होने की आहट मिली। इसके बाद पुलिस फोर्स मंगाया गया और फिर ताला खुलवाने के लिए दबाव बनाया। ताला खुलते ही टीम के सदस्य अंदर पहुंचे तो यहां पर बड़ी संख्या में राज गुटखा
नाम की पैकिंग पाउच के अलावा गुटखा में इस्तेमाल होने वाले खुला मटेरियल मिला। इसका नमूना लिया और फिर गुटखा फैक्ट्री को सील करने की कार्रवाई की गई। गुरुवार को शहर
के विभन्न स्थानों पर छापा मारकर मोहित पान सामग्री, गगन सुपाड़ी, बादशाह गुटखा, मां कालेश्वर सुगंधित सुपाड़ी का नमूना लिया है। अभिहित अधिकारी डा. प्रियंका सिंह का कहना है कि एक कंपनी को सील करने की कार्रवाई की है। आगे भी छापामार अभियान चलाया जाएगा। टीम के साथ खाद्य सुरक्षाधिकारी दिनेश चंद्र, वीरेंद्र सिंह आदि साथ में रहे।