फोटो - 27 पुलिस गिरफ्त में आरोपी नौकर। संवाद
माधौगढ़। बसपा नेता के घर से प्राइवेट गनर की लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी होने के मामले का पुलिस ने नौ दिन बाद खुलासा कर दिया है। मामले में घरेलू नौकर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 32 बोर का कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई रिवाल्वर भी बरामद कर ली गई है।
25 मई को बसपा नेता के आवास से प्राइवेट गनर जयवीर सिंह की लाइसेंसी रिवाल्वर संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सिहारी निवासी मुरारी द्विवेदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रिवाल्वर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह बसपा नेता के घर में घरेलू नौकर के रूप में काम करता था और हथियार हासिल करने की मंशा से उसने साजिशन गनर की रिवाल्वर चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद लगातार हो रही दबिश और तलाश अभियान से घबराकर आरोपी ने चोरी की गई रिवाल्वर को अपने घर के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया था। वहीं 32 बोर का एक कारतूस दुकान के पीछे ईंट के नीचे छिपाकर रख दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रिवाल्वर और कारतूस दोनों बरामद कर लिए।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
वर्जन
आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने रिवाल्वर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर रिवाल्वर और एक कारतूस बरामद किया गया है।
- अभिलाष मिश्रा, कोतवाली प्रभारी, माधौगढ़