फोटो - 33 कान्हा ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान पर छापा मारती टीम। संवाद
झांसी से पहुंची छह टीमें, राजस्व चोरी की शिकायतों पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। शहर के सराफा बाजार स्थित कान्हा ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान, घर व कारखाने पर झांसी से आई जीएसटी की छह टीमों ने छापा मारा। टीम दोपहर से ही कागजातों की जांच में लगी है। बताया जा रहा है कि कान्हा ज्वेलर्स के प्रोपराइटर सोनल माहेश्वरी के खिलाफ राजस्व चोरी की शिकायतें विभाग को लगातार मिल रहीं थीं।
झांसी से गुरुवार को करीब 12 बजे जीएसटी की टीमें शहर के सराफा बाजार पहुंची। उन्होंने कान्हा ज्वेलर्स की दुकान, इसके बाद मालिक के घर और कारखाने में छापा मारा। इस दौरान किसी भी कर्मचारी, परिजन या अन्य व्यक्ति को बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
टीम ने कंप्यूटर, लैपटॉप, खाताबही, बिक्री-खरीद के बिल और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में गड़बड़ियां सामने आई हैं। हालांकि विभाग के अधिकारी अभी कुछ भी आधिकारिक तौर पर कहने से बच रहे हैं। कार्रवाई से पूरे दिन बाजार में सन्नाटा छाया रहा।
डिप्टी कमिश्नर पुनीत अग्निहोत्री ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थीं कि कान्हा ज्वेलर्स के ठिकानों से करोड़ों रुपये की राजस्व की चोरी की जा रही है। शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कितनी बड़ी टैक्स चोरी हुई है और विभाग आगे क्या कार्रवाई करेगा।