- 24 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 33 मतदेय स्थल, चुनावी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान की तारीख तय हो गई है। जिले में 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्तूबर को मतदान होगा। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 24 मतदान केंद्रों पर 33 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
चुनाव संबंधी जानकारी के लिए कंट्रोल रूम
निर्वाचन से संबंधित जानकारी, सुझाव और शिकायतों के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता या आमजन चुनाव से जुड़ी किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए 05162-250288 पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और निर्वाचन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।