कोंच। थाना कैलिया में महिला हेल्प डेस्क के नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन विधायक मूलचंद्र निरंजन ने फीता काटकर किया। उन्होंनेे कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में सरकार काफी संवेदनशील रहकर काम कर रही है। शासन की इस अनूठी पहल का लाभ पीड़ित महिलाओं को जरूर मिलेगा।
बतौर मुख्य आतिथ्य विधायक मूलचंद्र निरंजन ने फीता काटकर महिला हेल्प डेस्क के नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन किया। ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन भी किया। इस मौके पर सीओ जालौन विजय आनंद ने कहा कि शासन महिलाओं की सुरक्षा संरक्षा को लेकर अति संवेदनशील है और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के लिए हेल्प लाइनों के अलावा महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत निश्चित रूप से एक प्रभावी कदम है।
एसएचओ कैलिया महेशकुमार ने आभार जताया। इस दौरान नदीगांव एसएचओ रूपकृष्ण त्रिपाठी, महिला शक्ति मिशन की जिला प्रभारी रानी गुप्ता, गुलाबी गिरोह कमांडर अंजू शर्मा, बलराम तिवारी, हरिमोहन, उमेश पटेल, सुनील शर्मा, सतीश परिहार सामी, राहुल तिवारी, इंद्रजीत, शिवकुमार, उदयवीर सिंह, गुलाब सिंह, आरडी शिवहरे, प्रवेश कुमारी, मीरा, राजाबेटी आदि मौजूद रहे।
कैलिया थाने में महिला हेल्प डेस्क का निर्माण एक महिला कारीगर ने किया है। झांसी निवासी महिला राजमिस्त्री राखी पत्नी सचिन गांव कैलिया में एक मंदिर का निर्माण करने आई थी। राखी पिछले तीन सालों से मिस्त्रीगीरी का काम कर रही है। पति भी साथ ही काम करता है। कैलिया एसएचओ महेश कुमार को जब यह जानकारी मिली तो उन्होंने एक अनूठी पहल करते हुए महिला हेल्प डेस्क के निर्माण का जिम्मा राखी को ही दे दिया। उसने महज पखवाड़े भर में ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर दिया। मंगलवार को इसके उद्घाटन के अवसर पर राखी को भी सम्मानित किया गया।