उरई। मुंबई और गोरखपुर रेलखंडों पर चल रहे ट्रैक मरम्मत कार्य का असर झांसी-कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। गोरखपुर-पुणे दैनिक स्पेशल ट्रेन 11 घंटे 8 मिनट देर से आई। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को मुंबई से लखनऊ जाने वाली एसी स्पेशल ट्रेन (22121) निर्धारित समय से 3 घंटे 2 मिनट देरी से उरई पहुंची। वहीं मुंबई-सीतापुर एक्सप्रेस (12107) 1 घंटा 12 मिनट, गोरखपुर से पुणे जाने वाली दैनिक स्पेशल ट्रेन (01416) सबसे अधिक 11 घंटे 8 मिनट की देर से आई। चेन्नई-लखनऊ एक्सप्रेस (16093) 3 घंटे 30 मिनट, गोरखपुर-हैदराबाद डेक्कन एक्सप्रेस (07076) 8 घंटे 21 मिनट, गोरखपुर-मुंबई दैनिक स्पेशल (01080) एक घंटा 41 मिनट देरी से पहुंची।
मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस (22538) 7 घंटे 41 मिनट, मुंबई-गोरखपुर दैनिक स्पेशल (01079) 10 घंटे 3 मिनट, संत कबीर नगर एक्सप्रेस (20103) एक घंटा 28 मिनट, गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस (15065) एक घंटा 21 मिनट विलंब से चली। वहीं स्थानीय रेल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। झांसी से कानपुर जाने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेन (64607) लगातार दूसरे दिन भी निर्धारित समय से 1 घंटा 16 मिनट देरी से संचालित हुई।
यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते के स्टेशनों पर भी रोका जा रहा है, जिससे यात्रा अवधि और बढ़ रही है। यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक मरम्मत कार्य के दौरान ट्रेनों के संचालन के लिए प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसी कोच में यात्रियों और रेलकर्मी में मारपीट, उरई स्टेशन पर तीनों उतारे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। गोरखपुर से मुंबई जा रही गोरखपुर-मुंबई एक्सप्रेस के एसी कोच में टिकट जांच के दौरान यात्रियों और रेलकर्मी के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर यात्रियों और एसी कोच मैकेनिक के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ ने उरई स्टेशन पर तीनों को ट्रेन से उतारकर थाने पहुंचाया।
घटना शनिवार रात की है। गोरखपुर-मुंबई एक्सप्रेस (11080) के एसी-2 कोच में टिकट निरीक्षक अजय कुमार टिकटों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान यात्री सूफियान खान व सोहिल चौधरी से उनकी कहासुनी हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एसी मैकेनिक विकास कुमार के साथ दोनों यात्रियों ने मारपीट कर दी। घटना की सूचना टिकट निरीक्षक ने कंट्रोल को दी। ट्रेन रात 8:24 बजे उरई स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची, जहां जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने कोच में पहुंचकर तीनों को नीचे उतार लिया। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि दोनों यात्रियों का टिकट एसी-3 का था, जबकि वे एसी-2 के कोच ए-1 में यात्रा कर रहे थे। टिकट जांच के दौरान विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एसी मैकेनिक विकास कुमार के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि विकास कुमार बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी है। तीनों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई है। घटना के चलते ट्रेन निर्धारित समय से करीब 10 मिनट अधिक समय तक स्टेशन पर खड़ी रही।
मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, शिनाख्त नहीं
उरई। कानपुर से झांसी की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 10:03 बजे उदयपुरा पावर स्टेशन पर कोयला ले जा रही मालगाड़ी उरई स्टेशन यार्ड से गुजर रही थी। इसी दौरान एक वृद्ध ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मालगाड़ी चालक ने कंट्रोल रूम और ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस केसी सोनी को वॉकी-टॉकी के माध्यम से सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 75 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों को सूचना दी गई है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)