कालपी। टरननगंज बाजार में डालडा, चीनी और गुड़ के थोक कारोबारी के गोदाम से करीब दस लाख रुपये का माल गायब होने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने अपने चार कर्मचारियों पर माल चोरी कर बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मिर्जामंडी मोहल्ला निवासी राधा मोहन पुरवार की टरननगंज बाजार में थोक दुकान है। यहां से डालडा, चीनी और गुड़ की बिक्री होती है। माल की ढुलाई और ग्राहकों को आपूर्ति के लिए करीब आधा दर्जन कर्मचारी रखे गए हैं। कारोबारी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से गोदाम से चीनी की बोरियां और डालडा के डिब्बे कम हो रहे थे। हाल ही में डालडा की नई खेप आने के बाद पहले ही दिन 21 डिब्बे गायब मिले। इसके बाद गोदाम के माल का मिलान कराया गया तो बड़ी मात्रा में सामान कम मिला।
दुकान संचालक राजू पुरवार के अनुसार, शक होने पर गोलू नामक युवक से पूछताछ की गई तो उसने माल गायब कर बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। कारोबारी का आरोप है कि गोलू ने इस मामले में तीन और लोगों की भूमिका की जानकारी दी है। चारों पर करीब दस लाख रुपये का माल गायब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है।
कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।