उरई। राजकीय इंटर कॉलेज के परिसर में हो रहे अतिक्रमण की शिकायत जीआईसी प्रधानाचार्य ने नगर पालिका ईओ और नगर मजिस्ट्रेट से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जा करने वालों में सरकारी विभाग और अराजकतत्व शामिल है। इसकी कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसकी वजह से शिक्षक और छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
जीआईसी के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि कॉलेज परिसर में नगर पालिका की जेसीबी, ट्रक, ट्रैक्टर, ट्राली आदि खड़े हुए हैं। इसके लिए कई बार नगर पालिका प्रशासन से अनुुरोध किया जा चुका है लेकिन अब तक उपकरण नहीं हटाए गए हैं। उपकरण रखे होने के कारण मेन गेट बंद नहीं हो पा रहा है। जिससे कॉलेज के अंदर अराजकतत्वों की गाड़ियां आ जाती है। गेट बंद न हो पाने से उन्हें रोकने में दिक्कत होती है। बताया कि कॉलेज की दीवार से सटकर मंदिर बना हुआ है। मंदिर के आसपास कुछ अराजकतत्व कब्जा करना चाह रहे हैं। उन्होंने अवैध निर्माण को ध्वस्त कराकर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।