महिला के साथ लूट और गैंगरेप करने वाले तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से वारदात में प्रयुक्त लोडर, महिला का पर्स और नगदी भी बरामद हुई है। घटना का खुलासा और सभी आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को एसपी सम्मानित करेंगे।
पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में एसपी स्वप्निल मैमगोई ने बताया कि तीनों शातिर अपराधी है, और इनके खिलाफ यूपी व एमपी के कई जिलों में लूट, डकैती और जानलेवा हमले के कई मामले दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाशों से उनके गैंग के अन्य सदस्यों और वारदातों के बारे में जानकारी की जा रही है।
बता दें कि बीती 4 मई को जालौन कोतवाली स्थित सहाव मोड़ के पास लोडर सवार बदमाशों ने दंपति के साथ लूट की थी, और पति के सामने ही उसकी पत्नी के साथ गैंगरेप भी किया था। इसमें आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच के दौरान केवल छह आरोपियोें के शामिल होने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने तीन आरोपियों को 13 मई को लूटे गए माल के साथ पहले ही पकड़ लिया था। एसपी ने वार्ता में बताया कि बाकी के तीन आरोपी भिंड निवासी भूरा, कानपुर देहात के रफीक और औरय्या के अली मोहम्मद को भी पुलिस टीम ने मंगलवार को पकड़ लिया। तीनों ने घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
इनके पास से लोडर और लूटा गया माल भी मिला है। जिसमें महिला के कुछ जेवर भी हैं। पूरे गैंग के खिलाफ यूपी ही नहीं बल्कि एमपी और राजस्थान के कई जिलों में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। गिरोह मकान, दुकान अथवा फैक्ट्री में धावा बोलकर लूटपाट करता है। विरोध करने पर गोली मारकर हत्या करने से भी यह बदमाश नहीं चूकते हैं।