जालौन जिले के चमारी नाला के पास नए रेलवे ट्रैक की चटकी पटरी लाल घेरे में
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। जिस ट्रैक को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने जांच के बाद ट्रेनों के संचालन के लिए हरी झंडी दी थी, उसी ट्रैक पर आठ घंटे बाद ही फ्रैक्चर पाया गया। बुधवार देर रात ट्रैक से मालगाड़ी गुजरते ही जब चालक को ट्रैक के गड़बड़ होने का आभास हुआ तो उसने गाड़ी रोककर ट्रैक चेक किया तो उसने पटरी चटकी र्पाई। मालगाड़ी के चालक ने इसकी सूचना झांसी कंट्रोल रूम को दी। इससे हड़कंप मच गया। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच ट्रैक में पट्टी (बेंड)की। इसके बाद यात्री ट्रेनों को काशन आर्डर देकर (सतर्कता आदेश) देकर 15 की स्पीड से गुजारा गया। सुबह रेलवे के झांसी व कानपुर से अधिकारियों ने आकर ट्रैक का निरीक्षण किया।
बता दें कि सरसौखी से उसरगांव तक के रेलवे ट्रैक का सीआरएस (रेल संरक्षा आयुक्त) मोहम्मद लतीफ खान ने बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे से छह बजे तक निरीक्षण कर ट्रेन संचालन को हरी झंडी दिखाई थी, उसके निरीक्षण को आठ घंटे ही बीते थे कि रात करीब दो बजे कानपुर की ओर से झांसी की ओर जा रही मालगाड़ी के लोड के कारण आटा सरसौखी स्टेशन के बीच चमारी नाले के पास रेलवे के किलोमीटर संख्या 1252 के पास रेलवे ट्रैक में फ्रैक्चर आ गया। ट्रेन चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इससे हड़कंप मच गया।
दरभंगा से अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस नंबर 19166 को आटा स्टेशन, प्रतापगढ़ से भोपाल जाने वाली ट्रेन नंबर 12184 को उसरगांव स्टेशन के पास, पटना से इंदौर जाने वाली इंदौर पटना एक्सप्रेस नंबर 19314 को कालपी स्टेशन, गोरखपुर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस नंबर 11016 को पुखरायां स्टेशन पर रोक दिया गया। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक पर पट्टी बांधकर साढ़े तीन बजे ट्रेनों को काशन आर्डर देकर गंतव्य की ओर रवाना किया।
इसके बाद सुबह कानपुर के सहायक मंडलीय अभियंता तुषार बंसल और झांसी से रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के मुख्य परियोजना प्रबंधक (सीपीएम) केके तलरेजा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपनी देखरेख में मशीनों से वेल्डिंग का काम कराया। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रैक पर फ्रैक्चर तो है लेकिन वह मालगाड़ी से हुआ, यह अभी पूरी तरह से नहीं कहा जा सकता है क्योंकि कई मर्तबा मौसम के तापमान से भी ऐसी स्थिति बन जाती है। लिहाजा जांच कराई जा रही है।
ब्लाक लेकर कराई गई मरम्मत
उरई। आटा सरसौखी सेक्शन में हुए रेल फ्रैक्चर के कारण गुरुवार को इंजीनियरिंग विभाग ने 2.50 बजे से 4.20 बजे तक ट्रैफिक एवं पावर ब्लाक लेकर ट्रैक मरम्मत का काम किया। इसके चलते आटा स्टेशन को एक मालगाड़ी को रोका गया।
ट्रैक में फैक्चर को देखते रेलवे के इंजीनियर- फोटो : ORAI