उरई। धोखाधड़ी कर माफिया ने दो प्लाट बिना रुपये दिए हड़प लिए। पीड़ित ने जब जानकारी की तो उसे पता चला कि इन लोगों ने उसके प्लाट दान में लिखवा लिए हैं। जब उसने प्लाट के रुपयों की मांग की तो आरोपी ने साथियों के साथ धमकी दी। उसके आतंक के वजह से पीड़ित ने अभी तक शिकायत नहीं की। लेकिन जेल जाते ही पीड़ित ने कोतवाली में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि आरोपी इस समय रासुका में जेल में बंद है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सदन पुरी निवासी मोहम्मद शोएब ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसने वर्ष 2014 में अतवल सिंह से जमीन खरीदी थी। वर्ष 2020 में उसे जमीन बेचना था तो मोहल्ला गणेशगंज निवासी माजिद ने उससे जमीन खरीदने की इच्छा जताई। इसमें दो प्लाट 10 लाख एवं 8 लाख में तय किए गए थे। माजिद ने रजिस्ट्री के समय पैसे देने को कहा था। इसके बाद माजिद और उसके साथियों ने रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर उसे हस्ताक्षर करवा लिए और पैसे भी नहीं दिए। जानकारी करने पर उसे पता चला कि उक्त लोगों ने उसे जमीन को धोखाधड़ी कर उसे दान में लिखवा ली है। तब से वह लगातार माजिद से पैसे मांग रहा था। लेकिन वह ना तो उसके पैसे दे रहा है ना ही उसकी जमीन वापस कर रहा है। लगातार वह धमकी देता रहा। उरई में हुई आगजनी व मारपीट के मामले में माजिद अपने 17 साथियों सहित जेल में बंद है। इस पर पीड़ित ने अब पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। जांच की जा रही है।