जालौन। नगर के बाजार में खरीदारी के दौरान परिवार से बिछड़े चार वर्षीय मासूम को मिशन शक्ति टीम ने दो घंटे के भीतर सकुशल खोजकर परिजनों को सौंप दिया।
ग्राम गढ़र निवासी कुसुम देवी अपने पिता होरीलाल और भाई सूरज के साथ भाई की शादी की खरीदारी करने बाजार आई थीं। इसी दौरान उनका चार वर्षीय पुत्र नवल दुकान से बाहर निकल गया और भीड़ में कहीं खो गया।
काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता न चलने पर परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी संजय यति ने महिला एसआई मधु देवी, महिला कांस्टेबल प्रकांक्षा और अंजली पाल को बच्चे की तलाश में लगाया।
लगभग दो घंटे की खोजबीन के बाद टीम ने बच्चे को बाजार के दूसरे हिस्से से सकुशल खोज लिया और परिजनों को सौंप दिया। बच्चे को वापस पाकर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। (संवाद)