कालपी/माधौगढ़। एसडीएम व सीओ ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने ओवरलोड दो वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा करा दिया। उधर, माधौगढ़ में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी व सीओ ने बिरिया मंदिर के पास चेकिंग अभियान चलाया।
कालपी एसडीएम सुशील कुमार सिंह व सीओ एके सिंह ने हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। जहां उन्होंने दो ट्रकों में क्षमता से अधिक मौरंग लदी देखकर दोनों वाहनों को रोका। टीम ने जब चालकों से प्रपत्र मांगे तो वह नहीं दिखा सके। इस पर दोनों ट्रकों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया। चेकिंग की सूचना मिलने पर अन्य वाहन चालकों ने अपने वाहन जहां के तहां खड़े कर दिए।
उधर, माधौगढ़ में एआरटीओ विनय कुमार पांडे, सीओ रामसिंह ने गुरुवार सुबह बिरिया मंदिर के पास चेकिंग अभियान चलाया। बंगरा की ओर से आ रहे दो ओवरलोड बालू ट्रक चालक को रोककर कागज मांगे। चालक द्वारा कागजात न दिखाने पर अधिकारियों ने दोनों ओवरलोड ट्रकों को सीज कर मंडी परिसर में खड़े करा दिए। इसके बाद बंगरा चौराहे पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी। (संवाद)