संवाद न्यूज एजेंसी
कोंच। तेजी से फैल रहे कोरोना ने अब सरकारी विभागों को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। कैलिया एसएचओ विनय दिवाकर और उनके थाने के चार सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिससे थाने में हड़कंप मच गया और पूरा स्टाफ कोरोना जांच के दायरेे में आ गया है। इसके अलावा पूरे तहसील क्षेत्र में सात लोग कोविड संक्रमित निकले हैं।
गुरुवार सामूहिक जांच के लिए सीएचसी नदीगांव की टीम खुटैला गांव गई थी जिसमें कैलिया एसएचओ विनय दिवाकर समेत उनके हमराही, ड्राइवर आदि ने कोरोना जांच कराई थी। एसएचओ और चार सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्थिति यह रही कि शिकायतकर्ता भी थाने से दूरी बनाते दिखाई दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थाने को सैनिटाइज किया। सैंपल लेने का काम शुक्रवार को भी किया जाएगा। इधर, कोंच सीएचसी में गुरुवार को 74 लोगों की जांच की गई जिसमें दो लोग पॉजिटिव निकले हैं। एक व्यक्ति मालवीय नगर दूसरा ग्राम लौना का निवासी है।
हॉटस्पॉट में कोरोना जांच के लिए पुलिस की मदद
जालौन। हॉटस्पॉट एरिया घोषित होने के बाद लोग कोरोना की जांच नहीं करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग टीम ने पुलिस के साथ पहुंचकर लोगों को जांच कराने के लिए कहा। साथ ही जांच न कराने पर कार्रवाई की भी बात कही। नगर के वार्ड नंबर 3 मोहल्ला जोशियाना में कोरोना मरीज मिलने के बाद इलाके के 100 मीटर के एरिया को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है।
हॉटस्पॉट एरिया घोषित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर 200 लोगों को जांच करने के लिए बुधवार को कहा था। स्वास्थ्य विभाग टीम की अपील के बाद भी लोग परीक्षण कराने नहीं पहुंचे तो डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, डॉ. मोहसिन खान ने कोतवाली पुलिस के साथ लोगों के घर-घर जाकर उन्हें अपनी जांच कराने की सलाह दी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि यदि हॉटस्पॉट एरिया में कोई व्यक्ति जांच नहीं कराता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सर्वे करने पहुंची आशा से मारपीट
आटा। गांव भदरेखी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड-19 का सर्वे करने पहुंची टीम की आशा कर्मी के साथ युवतियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि युवतियों ने सरकारी कागज भी फाड़ दिए। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।
गुरुवार की दोपहर ग्राम भदरेखी निवासी आशा कर्मी श्रीबाई पत्नी रामनरेश ने पुलिस को बताया कि वह कोविड-19 का सर्वे करने भदरेखी गांव गई थी। जिस पर श्रीबाई और सहायक सुमन के साथ कोरोना के बारे में हर घर में जाकर पूछताछ कर रही थी। जिसमें श्रीबाई ने एक घर में पूछताछ करने लगी तभी पीछे से दो युवतियां आई और उनके हाथ से सरकारी कागजात छुड़ाकर फाड़ने लगी। जब श्रीबाई ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे उनको गंभीर चोटें आई है। आशा बहू श्रीबाई ने आटा थाने में तहरीर दी है।