उरई/जालौन। जिले में गुरुवार को चार और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3980 हो गई है। इनमें 46 की मौत हो चुकी है और 3921 ठीक हो चुके हैं। इस समय एक्टिव केस 13 हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमितों में आटा व नदीगांव की एक-एक महिला और एक व्यक्ति फतेहपुरा माधौगढ़ का है। चौथा मरीज जालौन के मुरली मनोहर निवासी है। सीएमओ ने खांसी, बुखार, जुकाम जैसी समस्या होने पर जांच कराने को कहा है। 891 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
जालौन संवाद के अनुसार, मुरली मनोहर के संक्रमित मरीज को मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड सेंटर भेजा गया है। नगर में एक दिन पूर्व तक कोरोना का कोई भी मरीज नहीं था लेकिन गुरुवार को सीएचसी में एक व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश राजपूत ने बताया कि उसे मेडिकल कॉलेज में बने कोरोना सेंटर भेजा गया है। उसकी कांट्रेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है। उसके संपर्क में आए सभी व्यक्तियों की जांच की जाएगी।