जिले में मंगलवार को एक साथ शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान उरई में पहले दिन औपचारिकता में निपट गया। उरई हो, जालौन हो या अन्य कोई क्षेत्र, सभी जगहों पर औपचारिकताएं ही होती दिखीं। साप्ताहिक बंदी का दिन होने के कारण भी इस अभियान का व्यापक असर देखने को नहीं मिल सका। जिले में बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी
संदीप कौर ने पूरे जिले में 24 मई से अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत मंगलवार को अभियान की शुरू तो हुआ लेकिन इसको लेकर खानापूर्ति होती दिखी। उरई में पूरा दिन बीतने के बाद शाम छह बजे अधिकारी पुलिस बल के साथ गोपालगंज स्थित सब्जी मंडी पहुंचे। यहां पर नगर पालिका का बुलडोजर गरजा, पर छोटे-छोटे दुकानदारों को ही लक्ष्य
बनाया। पक्के अवैध निर्माण करा चुके लोगों को इससे दूर रखा गया। सब्जी मंडी में करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान केवल टीन शेड व टट्टर ही हटाए जा सके। कुछ जगहों पर दुकानों के बाहर बने चबूतरे भी तोड़े गए। प्रशासन के पहले से व्यापक तैयारी न करने से बड़े अतिक्रमणकारी पहले दिन बच गए। छोटे दुकानदारों पर ही प्रशासन का बुलडोजर गरजा।
अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा जालौन प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय प्रशासन ने पहले दिन बस स्टैंड से झंडा चौराहा, पत्थरवाली गली तथा सब्जी मंडी तक का अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी, कोतवाली प्रभारी, नगर पालिका सफाई निरीक्षक आदि ने अपनी देखरेख में बाजार से अतिक्रमण हटवाया। उपजिलाधिकारी
मोईन उल इस्लाम की अगुवाई में चलाए गए अभियान की शुरुआत बस स्टैंड से की गई। यहां से झंडा चौराहा, झंडा चौराहे वाले रास्ते, पत्थर वाली गली के अलावा शूज मार्केट वाली गली में अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों और पुलिस के बीच छोटी झड़पें भी हुईं। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस अभियान मेें उपजिलाधिकारी मोईन उल
इस्लाम, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक सुरेश यादव व पुलिस बल सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। कदौरा प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बीडी सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बस स्टैंड कदौरा से तांगा स्टैंड तक लगभग एक किलोमीटर तक सड़क केे किनारे दुकानदारोें के अतिक्रमण का
जायजा लिया। इस दौरान दुकानों के टीनशेड, टट्टर, छप्परी, भट्टी आदि पहले से हटाए मिले। सड़क के दोनों किनारे अतिक्रमणकारियों ने खाली कर दिए थे। हालांकि रामघाट, रैन बसेरा, बारातशाला व नबावी तालाब पर अतिक्रमण अतिक्रमण मिला। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि ये जरूर कहा कि अतिक्रमण हटाओ
अभियान चलाकर सख्ती से अतिक्रमण हटाया जाएगा। माधौगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार अभियान के तहत पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अफसरों ने पहले दिन गांधी बाजार स्थित
तालाब पर से कब्जा कटवाया। चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण किया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान एसडीएम सुरेश चंद्र ने चेतावनी दी कि नियमों को ताक पर रखकर अतिक्रमण करने वालों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को माधौगढ़ बाजार में अतिक्रमण अभियान चलेगा।
दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई
अभियान की टीम के जाते ही अतिक्रमणकारियों ने दोबारा अपनी-अपनी दुकानों के आगे तख्त व जाली लगा ली और अतिक्रमण कर लिया। उपजिलाधिकारी मोईन उल इस्लाम ने
कहा कि जिन स्थानों को खाली कराया गया है, दोबारा वहां अतिक्रमण मिला तो संबंधित दुकानदार का सामान जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की
जाएगी। मुकदमा पंजीकृत भी कराया जाएगा। वहीं, पालिका के सफाई निरीक्षक को भी कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि सुबह जब पालिका के सफाई कर्मी सफाई करने जाएं तो वह अतिक्रमण का भी जायजा लें। दुकान के बाहर कोई सामान मिलने पर उसे जब्त कर लिया जाए। बताया कि अभियान तीन दिन तक जारी रहेगा।