सिरसा कलार। न्यामतपुर वन रेंज के जीतामऊ जंगल में तेंदुआ देखे जाने की सूचना अफवाह निकली। हालांकि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सघन गश्त की। इस दौरान न तो कोई पगचिह्न मिला न ही तेंदुआ होने की पुष्टि हुई।
मंगलवार को ग्रामीणों ने वन विभाग को तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी थी। उन्होंने इसके साथ कुछ फोटो भी भेजी थीं। वन विभाग की टीम ने जंगल के रास्तों, खेतों और संभावित ठिकानों पर गहन जांच-पड़ताल की। हालांकि, तलाशी के दौरान तेंदुए के पगचिह्न या अन्य साक्ष्य नहीं मिले। वन रेंज अधिकारी प्रबल प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मौके पर तेंदुए की मौजूदगी का कोई प्रमाण नहीं मिला।
फोटो निकली एडिटेड, गश्त बढ़ाई गई
अधिकारी प्रबल प्रताप सिंह के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा भेजी गई फोटो प्रथम दृष्टया एडिट की हुई प्रतीत होती है। उसका जंगल क्षेत्र से कोई स्पष्ट संबंध नहीं दिख रहा है। फिलहाल एहतियात के तौर पर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल विभाग को दें। साथ ही, अफवाह फैलाने से बचें।
कुछ लोगों द्वारा जानकारी दी गई थी, लेकिन सूचना फर्जी निकली। क्षेत्र में कहीं पर भी तेंदुआ नहीं है। सभी लोग अफवाहों से दूर रहें।
प्रदीप कुमार, डीएफओ