बाजार में पहुंचे अधिकारियों के पीछे लगा दुकानदारों का हजूम
- फोटो : अमर उजाला
त्योहार सिर पर हैं और बाजारों में मिलावटी सामान बड़े पैमाने पर बिक रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पूरी टीम को शुक्रवार को तलब किया और सैंपलिंग करने के निर्देश दिए। इसपर टीम कोंच के मुख्य बाजार पहुंची और छापेमारी करने लगी। इस दौरान दुकानदारों ने टीम का विरोध कर नारेबाजी की। त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन ने
संबंधित अधिकारियों को बड़े पैमाने पर अभियान चलाने और खाद्य वस्तुओं की सैंपलिंग करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम मुईनुल इस्लाम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल शर्मा, वीरेन्द्रसिंह जालौन, दिनेश सिंह उरई व अनिल प्रताप सिंह शुक्रवार को चेकिंग के लिए आए। ये अधिकारी सपा का झंडा लगी गाड़ी से बाजार में जांच करने रामगंज बाजार में पहुंचे।
टीम ने गिरिराज जी मिष्ठान्न भंडार से बर्फी का नमूना भरा। इसके बाद यह लोग किराने की दुकान पर पहुंचे लेकिन तब तक अन्य दुकानदार अपने-अपने शटर गिराकर इकट्ठा हो गए
और इनके खिलाफ तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाने लगे। इसके बाद टीम ने वहां से हट जाना ही बेहतर समझा और सीधे एसडीएम के यहां पहुंच कर एफआईआर लिखाने की बात की। इस पर एसडीएम ने उनसे संयम बरतने को कहा। कहा कि वह दुकानदारों के साथ कल शाम 5 बजे बैठक करके सारी स्थिति समझने और सहयोग करने के लिए कहेंगे।