उरई। झांसी कानपुर रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों से यात्रा करने के लिए यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को इस रेलखंड पर पांच ट्रेनों का संचालन ठप रहा। जिसमें झांसी लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, झांसी लखनऊ पैसेंजर, पनवेल से गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस, गोरखपुर से पनवेल पनवेल एक्सप्रेस और मुंबई से गोरखपुर जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस निरस्त रही। जबकि कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।
बता दें कि कानपुर गंगा पुल पर मरम्मत कार्य होने से गोरखपुर से लखनऊ के रास्ते कानपुर, उरई व झांसी की ओर जाने वाली ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से लाया जा रहा है। इसकी वजह से ट्रेनें कई घंटे देरी से आ रही है। जिसमें गोरखपुर से तिरुवनंतपुरम जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय दोपहर 2 बजकर 51 मिनट के स्थान पर 8 घंटे अधिक देरी से चल रही है।
गोरखपुर से मुंबई जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 5 घंटे 22 मिनट देरी से आई। चर्लपल्ली से सूबेदारगंज जाने वाली हॉलीडे स्पेशल अपने निर्धारित समय से 5 घंटे 33 मिनट देरी से आई। मुंबई से कटिहार जाने वाली ट्रेन हॉलीडे स्पेशल अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 38 मिनट देरी से आई। गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाली डेक्कन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 15 मिनट देरी से आई। इससे इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को कोई घंटा इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान है। ज्यादातर यात्री, कानपुर और झांसी सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि गोरखपुर कानपुर गंगा पुल पर मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। जल्दी काम समाप्त होते ही यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।