जालौन। अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खर्रा निवासी अरविंद (35) अपनी मां किशोरी (55) और बेटी निशा (14) के साथ दवा लेने बाइक से जालौन आ रहे थे। जब बाइक छानी के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने संतुलन खो दिया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे खंदक में पलट गया और चालक मौके पाकर वहां से भाग गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी।
वहीं, बालमभट्ट निवासी ओमप्रकाश व चुर्खीबाल निवासी भवानीप्रसाद किसी काम के चलते हीरापुर जा रहे थे। जब वह हरीपुरा के पास पहुंचे दोनों की बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।