कालपी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम ने कोतवाली कालपी में तहरीर देकर कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम के अनुसार पांच जनवरी को वह विद्युत टीम के कर्मचारियों के साथ ग्राम बरही में विद्युत कैंप लगाए हुए थे। कैंप समाप्त होने के बाद टीम गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को विद्युत बिल में छूट योजना का लाभ लेने के लिए जागरूक कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही अजीत कुशवाहा, सोमित उर्फ लाला, संदीप तथा दो अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल फोन छीन लिया और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए।
आरोप है कि जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।