पांच दिन की लंबी छुट्टी के बाद सोमवार की सुबह जब बैंक खुले तो ग्राहकों
की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों ग्राहकों ने बैंकों में लेनदेन किया। दिन भर में
कुल 300 करोड़ से भी अधिक का लेनदेन हुआ। वहीं बैंकों में उमड़ी भीड़ को
देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद रही। खुद सीओ सिटी ने बैंकों की सुरक्षा
व्यवस्था परखी।
दीपावली से ही जिले की सभी बैंक बंद थीं। दीपावली,
परेवा, भाईदूज, सेंकड सेटरडे, संडे पांच दिन की छुट्टी के बाद छठवें दिन
सोमवार को बैंकें खुलीं तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पुलिस ने
भी मुस्तैदी दिखाई। सीओ सिटी जंगबहादुर सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
लेने के लिए खुद निकल पड़े। सबसे पहले वह दलगंजन तिराहा पर स्थित स्टेट
बैंक की मुख्य शाखा पहुंचे। यहां पर सुरक्षा के लिए दो दरोगा और सिपाही
अतिरिक्त तैनात कर दिए। बैंक मैनेजर से मिलकर सुरक्षा
व्यवस्था का हाल भी
जाना। इसके बाद अन्य बैंकों में भी सुरक्षा व्यवस्था देखी। सोमवार को
उमड़े ग्राहकों ने खूब लेनदेन किया। इस दौरान बैंकों में करीब 300 करोड़
रुपये का लेनदेन होने का अनुमान है। सुबह से ही बैंकों मे ग्राहकों की लंबी
कतारें लग गई थीं, जो शाम तक जारी रहीं। बैंक बंद होने के बाद भी ग्राहक
लेनदेन के लिए आते रहे।
आधा दर्जन संदिग्धों को पकड़ा
सुरक्षा
व्यवस्था का जायजा लेने के लिए स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पहुंचे सीओ सिटी
ने बैंक में मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम
रहे आधा दर्जन लोगों को पकड़ लिया गया। यह लोग बिना किसी बैंक के कागजात
के बैंक में घूम रहे थे। पूछे जाने पर वह संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए।
हालांकि बाद में जांच पड़ताल करने के बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया
गया।
एटीएम में भी लंबी कतारें
पांच दिन की छुट्टी होने के
कारण शहर में लगे एटीएम में भी पैसे खत्म हो गए थे। लोगों को रुपये निकालने
के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा था। सोमवार को बैंक खुलने के बाद एटीएम में
भी पैसा डाल दिया गया। इससे रुपये निकालने वाले ग्राहकों की एटीएम के बाहर
लंबी कतारें लगी रहीं।